पिथौरागढ़। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद के जन्म दिवस पर 15 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालकों की विद्यालयी हॉकी प्रतियोगिता हुई। उद्घाटन मुकाबला दयानंद की टीम ने जीता।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला ओलंपिक संघ के सचिव ललित पंत और अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज कै.देवी चंद ने किया। पहला मैच सोरवैली पब्लिक स्कूल बी और दयानंद इंटर कॉलेज की टीमों के बीच हुआ। पहले हाफ में दयानंद की ओर से सूरज और राकेश ने एक-एक गोल कर अपनी टीम को 2-0 से बढ़त दिलाई। मध्यांतर के बाद भी दयानंद की टीम हावी रही।
सूरज ने दो और सुमित ने एक गोल किया। सोरवैली की टीम कोई भी गोल नहीं कर सकी। दयानंद की टीम ने मैच जीतकर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। मैच के निर्णायक लीलावती जोशी, भुवन जोशी, जगदीश कुमार, खिलेश कोरंगा, जयेश उप्रेती, अजय सिरौला थे। इस दौरान भूपाल सिंह, मनोज जोशी, प्रकाश जंग थापा, प्रेम टम्टा, गिरीश पाटनी, प्रताप सिंह, दिनेश चंद्र पाटनी, जनार्दन वल्दिया मौजूद थे।