पिथौरागढ़। गंगोत्री गर्ब्याल राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पिथौरागढ़ में शनिवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पुलिस की पाठशाला हुई, इसमें एसपी रामचंद्र राजगुरु एवं सीओ शेखर सुयाल ने गुरु बनकर छात्राओं को अपराध से निपटने और आत्मरक्षा के मंत्र दिए। सड़क दुर्घटनाओं में हेलमेट की उपयोगिता भी बताई गई।
शनिवार को कॉलेज सभागार में आयोजित पुलिस की पाठशाला में एसपी ने यातायात के नियमों की जानकारी दी। उन्होंने नशे से बचने और नशे के खिलाफ भाई, रिश्तेदारों को भी जागरूक करने को कहा। उन्होंने छेड़छाड़ की घटनाओं से निपटने, गुड टच, बेड टच के बारे में बताया। कहा कि अपराधों पर अंकुश लगाने और अपराधियों को सजा देने के लिए सभी को चुप्पी तोड़ने की जरूरत है। सीओ ने कहा कि दोपहिया वाहनों में डबल हेलमेट दोनों सवारों की सुरक्षा के लिए अनिवार्य है।
उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई पर ध्यान देने और मोबाइल फोन में ह्वट्सएप या अन्य चीजों का अधिक प्रयोग न करने की सलाह दी। साइबर अपराध से बचाव की जानकारी भी दी। महिला सेल की एसआई श्वेता दिगारी ने छात्राओं को आत्मरक्षा के उपाय बताए। कहा कि कई विषम परिस्थितियों में महिलाएं या लड़कियां घबरा जाती है। घबराने के बजाय आत्मसुरक्षा के उपाय करने चाहिए। इस दौरान प्रधानाचार्या नंदा रावत, ऊषा उप्रेती, लता पाठक आदि शिक्षिकाएं मौजूद थी।
छात्राओं के सवाल और पुलिस के जवाब
प्रश्न। कोई लड़की अकेली जा रही है यदि कोई गलत नीयत से हमला करता है तो कैसे बचें। - ज्योति, कक्षा 8
उत्तर। घबराएं नहीं। सेल्फ डिफेंस के कई उपाय हैं। इन्हीं परिस्थितियों से निपटने के लिए बालिकाओं को जूडो-कराटे की ट्रेनिंग दी जाती है।
प्रश्न। दोपहिया वाहन में दोनों सवारियों के लिए हेलमेट क्यों जरूरी कर दिया गया है। -दीपा भट्ट, कक्षा 12
उत्तर। दोपहिया वाहन में दुर्घटना होने पर दोनों सवारों को बराबर खतरा रहता है। हेलमेट दोनों की सुरक्षा के लिए जरूरी है। पिता-भाई को भी जागरूक करें।
प्रश्न- कोई यदि बार-बार परेशान करे तो इसके लिए लड़कियों को क्या करना चाहिए। -ममता कुमारी, कक्षा 10
उत्तर। सभी के लिए कानून बना है। परेशान करने वाले की शिकायत पुलिस में करें। 1090 पर फोन कर पुलिस तुरंत पहुंच जाती है।
प्रश्न- महिलाओं के साथ कई आपराधिक घटनाएं होती रहती हैं। अत्याचार कब समाप्त होंगे। - रेखा पांडेय, कक्षा 10
उत्तर। आज महिलाओं की स्थिति में पहले से काफी सुधार है। चुप रहने के बजाय अत्याचार के खिलाफ महिलाओं को आवाज उठानी होगी।
प्रश्न- कई बार रास्तों में कमेंट किया जाता है। क्या करना चाहिए। - अनीता आर्या, कक्षा 12
प्रश्न- कई बार लड़कियों को फोन पर अनजान नंबर से बार-बार परेशान किया जाता है। क्या करें। -प्रियंका जोशी, कक्षा 10, आरती बोरा, अंशिका कक्षा 11
उत्तर। इसकी जानकारी पुलिस को दें। साइबर सेल के माध्यम से फोन करने वाले का पता लगाकर उसे दंडित किया जाएगा। संबंधित नंबर को ब्लॉक भी किया जा सकता है।