पिथौरागढ़। धर्मशाला लाइन में खाद्यान्न गोदाम को जाने वाली सड़क पर मिट्टी, पत्थर डालने से भड़के व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़क की दशा न सुधारने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
धर्मशाला लाइन में खाद्यान्न गोदाम को जाने वाली सड़क पर पार्किंग का निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था ने मिट्टी और पत्थर डाल दिए हैं। इससे भड़के व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने युवा व्यवसायी शैलेश गुप्ता के नेतृत्व में जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। गुप्ता ने कहा कि बारिश होने पर सड़क कीचड़ से पट जा रही है। खाद्यान्न गोदाम में राशन लेकर आ रहे वाहन रपट रहे हैं। कहा कि पिछले दिनों कीचड़ में रपटे भारी वाहन की चपेट में आने से स्कूली बच्चे बाल-बाल बचे।
स्थानीय निवासी नवीन खत्री ने कहा कि सड़क पर डामर नहीं बिछाया गया है। टायल्स घिसने से सड़क बड़े वाहनों के चलने लायक नहीं रह गई है। कहा कि कार्यदायी संस्था ने पूरी सड़क को डंपिंग जोन बना दिया है। मिट्टी, पत्थर के ढेर लगने से सड़क संकरी हो गई है।
सड़क से मिट्टी, पत्थर नहीं हटाया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इन लोगों ने जिला प्रशासन से पार्किंग की कार्यदायी संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। प्रदर्शन में संजय शर्मा, दीपक भट्ट, गुलाब सिंह रावत, एडवोकेट विपिन पंत, संजय कुमार, प्रदीप, राजेश गर्ग, उष्मान, धीरज अरोड़ा, रामस्वरूप, राकेश, सुनील खत्री शामिल थे।