पिथौरागढ़। 10वें दल के 25 यात्री कैलाश यात्रा पूरी कर लौट आए हैं, जबकि खराब मौसम के कारण पिथौरागढ़ में ही फंसे रहने के कारण इस दल के अन्य 19 यात्री तिब्बत जाने के लिए नाभीढांग पहुंचे हैं। वहीं, चौदहवें दल के कैलाश यात्री बृहस्पतिवार को पिथौरागढ़ पहुंचे। इस दल में कुल 38 यात्री शामिल हैं। यह दल शुक्रवार को गुंजी के लिए रवाना होगा।
बृहस्पतिवार को मौसम साफ था। यात्रा पूरी कर गुंजी पहुंचे 10वें दल के 25 यात्रियों को सुबह वायु सेना के हेलीकॉप्टर से पिथौरागढ़ लाया गया। यह सभी यात्री केएमवीएन के टीआरएच में कुछ देर विश्राम करने के बाद जागेश्वर के लिए रवाना हो गए। यात्रा के नोडल अधिकारी दिनेश गुरुरानी नेे बताया कि 13वां दल इस समय गुंजी में है।
12वां दल तिब्बत में कैलाश मानसरोवर की परिक्रमा कर रहा है। 60 सदस्यीय 11वां दल नाभीढांग पहुंचा है। इस दल में 10वें दल के 19 यात्री भी शामिल हैं। लगातार खराब मौसम होने से पिथौरागढ़ से देरी के कारण इन यात्रियों की वीजा अवधि समाप्त हो गई थी। बुधवार को यात्रियों का वीजा आने के बाद यह दल गुंजी से अगले पड़ाव के लिए चला।