डीडीहाट (पिथौरागढ़)। उत्तराखंड क्रांति दल की गांव बसाओ-उत्तराखंड बचाओ रथयात्रा का अस्कोट से डीडीहाट पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड पर राज करने वाली कांग्रेस और भाजपा सरकारों की जनविरोधी नीतियों से ही पलायन बढ़ा है। दल के नेताओं ने बाजार में व्यापारियों से संपर्क कर गांवों को बचाने का आह्वान किया।
यात्रा बृहस्पतिवार को अपरान्ह बाद गांधी चौक मैदान में पहुंची। दल के शीर्ष नेता काशी सिंह ऐरी ने कहा कि राज्य बने 17 साल हो गए हैं। कहा कि सैकड़ों घोटालों और जन विरोधी नीतियों से राज्य के अस्तित्व पर ही सवाल खड़े हो गए हैं। कांग्रेस-भाजपा ने बारी-बारी से घोटाले कर राज्य को खोखला कर दिया है। विधायकों की खरीद-फरोख्त से राजनीतिक अपसंस्कृति को संरक्षण देकर पहाड़ की अस्मिता पर सेंध लगाई है। ऐरी ने कहा कि उत्तराखंडी लोगों ने गैरसैंण को राजधानी बनाने का सपना देखा था। आज राजधानी के नाम पर राजनीति की जा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य बनने के बाद भी पहाड़ के गांवों से लगातार पलायन हो रहा है। कहा कि रथ यात्रा के जरिये लोगों को संदेश देना है कि राज्य और देश का विकास ही गांवों पर निर्भर है, इसलिए उन्हें बचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यात्रा यहां से गंगोलीहाट होते हुए अल्मोड़ा को रवाना होगी। इस दौरान दल के कुमाऊं प्रभारी कुंदन बिष्ट, उक्रांद जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर पुनेड़ा, गोविंद लाल साह, शेर सिंह शाही, कृपालु मेहरा, सुभाष जोशी, रतन गिरी गोस्वामी आदि थे।