धारचूला (पिथौरागढ़)। धारचूला के व्यापारी अब स्वास्थ्य सुविधाओें के लिए मुखर हो गए हैं। व्यापारियों ने समस्याओं का समाधान नहीं होने पर 9 जून को बाजार बंद करने और 16 जून को भारत-नेपाल झूलापुल बंद करने की चेतावनी दी है।
स्थानीय डाक बंगले में व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र थापा के अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यापारियों ने कहा कि संयुक्त चिकित्सालय धारचूला में कई सालों से अल्ट्रासाउंड मशीन और एक्सरे मशीन जंग खा रहे हैं। विगत दिनों जिलाधिकारी के भ्रमण पर भी यह मुद्दा जोरशोर से उठाया गया, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
अब अगर 15 दिनों में स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार नहीं हुआ तो 9 जून से व्यापारी चरणबद्ध आंदोलन करेंगे। व्यापारियों ने नगरपालिका द्वारा वसूली जा रही दैनिक तहबाजारी पर भी नाराजगी जताई। कहा कि इस संबंध में प्रतिनिधि मंडल एसडीएम से मिलेगा। कहा गया कि कोई भी व्यापारी पॉलिथीन का उपयोग नहीं करेगा। कोई व्यापारी पॉलिथीन का उपयोग करते हुए पकड़ा गया तो व्यापार संघ कोई मदद नहीं करेगा।
बैंकों में नकदी की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। कहा गया कि दुर्गम क्षेत्र होने के कारण ग्राहकों के साथ नकद व्यापार ही ज्यादा होता है। बैंकों में नकदी की कमी से व्यापार बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। तय हुआ कि एक सप्ताह तक स्थित सामान्य नहीं होगी तो व्यापारी बैंक के सामने धरना देंगे। पेयजल समस्या के लिए भी उचित कार्यवाही का निर्णय लिया गया। बाजार में खस्ता हाल रोड पर भी चर्चा हुई।
बैठक में व्यापार मंडल उपाध्यक्ष प्रकाश गुंज्याल, कैलाश रावत, श्याम चंद्र खर्कवाल, लक्ष्मण कौशल, भीम सिंह रावत, हीरा लाल वर्मा, वीरेंद्र बिड़ला, नेत्र कुटियाल, राजू परमार, राजेश कुटियाल, करण बडाल, जाकिर हुसैन आदि व्यापारी थे। संचालन महामंत्री नवीन खर्कवाल ने किया।