गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। सप्तेश्वर (बटगेरी) गधेरे में 21 मेगावाट की लघु जल विद्युत परियोजना बनेगी। मंगलवार को 170 करोड़ लागत की खुटानी जल विद्युत परियोजना का शिलान्यास किया गया। परियोजना का निर्माण उत्तराखंड जल विद्युत निगम की देखरेख में किया जा रहा है।
बिजली परियोजना का शिलान्यास मुख्य अतिथि जिला योजना समिति के सदस्य गोकुल गंगोला और खुटानी पावर कंपनी के महाप्रबंधक आरके पिल्लई ने किया। पिल्लई ने बताया कि परियोजना का काम तीन साल के भीतर पूरा हो जाएगा। परियोजना में बनने वाली बिजली बागेश्वर के सब स्टेशन को दी जाएगी। वहां से बिजली राज्य और केंद्र को दी जाएगी।
गंगोला ने कहा कि क्षेत्र में 21 मेगावाट की बिजली परियोजना बनना एक बड़ी उपलब्धि है। परियोजना का निर्माण खुटानी पावर कंपनी कर रही है। शिलान्यास के मौके पर रवींद्र बनकोटी, उमेश डसीला, कुंवर सिंह कोरंगा, रमेश सिंह आदि मौजूद थे।