पिथौरागढ़। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी 23 फरवरी को पिथौरागढ़ आएंगी। वह यहां होने वाले वसंतोत्सव के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने बताया कि स्मृति ईरानी ने वसंतोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण स्वीकार कर लिया है। उनका विस्तृत कार्यक्रम बाद में घोषित होगा। इधर, जिला प्रशासन ने बैठक कर वसंतोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
डीएम सी रविशंकर ने कहा कि वसंतोत्सव के दौरान सभी विभागों के स्टाल लगाए जाएंगे और इनके माध्यम से आम जनता को जानकारी दी जाएगी। डीएम ने पुलिस, नगरपालिका, जल संस्थान, फायरब्रिगेड, चिकित्सा, विद्युत, खेल, शिक्षा, लोनिवि के अधिकारियों को व्यवस्था बनाने में सहयोग को कहा है। वसंतोत्सव के दौरान लोनिवि, वन विभाग के गेस्टहाउस को खाली रखने के लिए कहा गया है, ताकि अतिथियों के रहने की व्यवस्था की जा सके। बैठक में एडीएम मोहम्मद नासिर, भाजपा नेता महेंद्र लुंठी, राजेंद्र रावत, ललित पंत, होटल एसोसिएशन के सचिव राकेश देवलाल आदि अधिकारी मौजूद थे।
इधर, सीमांत सेवा फाउंडेशन की वसंतोत्सव की तैयारी को लेकर अलग से बैठक हुई। वसंतोत्सव 19 से 24 फरवरी तक चलेगा। बैठक में निरंकारी मिशन, दिव्य ज्योति जागृति संस्थान, पतंजलि योगपीठ, रामचंद्र मिशन, भारत स्वाभिमान समेत अन्य संगठनों ने पूर्ण सहयोग का वचन दिया। बैठक में वसंतोत्सव के संयोजक राकेश देवलाल, रनदीप पोखरिया, ललित पंत, ललित शौर्य, रेखा जोशी, राजेश भट्ट, जगदीश पुनेड़ा, ज्ञान राम टम्टा आदि थे।