पिथौरागढ़। भौंतड़ी से लीमाटौड़ा तक स्वीकृत पांच किलोमीटर सड़क का निर्माण 20 वर्ष में भी नहीं हो पाया है। अब गांव के लोगों ने इस मुद्दे पर निर्माण एजेंसी को एक सप्ताह का समय देते हुए कहा है कि उसके बाद न्यायालय में वाद दायर किया जाएगा और आंदोलन किया जाएगा।
लीमाटौड़ा के लोगों ने डीएम को पत्र देकर कहा कि किसी सड़क का 20 साल में भी न बनना क्षेत्र की उपेक्षा का प्रमाण है। लीमाटौड़ा गांव में अनुसूचित जाति के लोग रहते हैं। गांव के लोगों का कहना है कि पहले सड़क का कुछ हिस्सा काटा गया था। उस दौरान कृषि योग्य जमीन, रास्ते, पेयजल लाइन, प्राकृतिक जलस्रोत ध्वस्त हो गए थे।
इस नुकसान का मुआवजा तक किसानों और ग्रामीणों को नहीं दिया गया। गांव के लोगों ने कहा कि अब इस मुद्दे पर आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। डीएम को सौंपे ज्ञापन में संतोष कुमार, चंद्रप्रकाश, मनोज कुमार, मदन लाल, हरीश प्रसाद, प्रेम राम आदि के हस्ताक्षर हैं।