पिथौरागढ़। एनएसयूआई ने महाविद्यालयों में ड्रेस कोड लागू करने, ऑनलाइन प्रवेश, सेमेस्टर प्रणाली का विरोध करते हुए राज्य सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन का पुतला फूंका। कहा कि सरकार नए-नए नियमों को थोप कर विद्यार्थियों को परेशानी में डाल रही है, जबकि सरकार को अभावग्रस्त महाविद्यालयों में सुविधा बढ़ाने की ओर ध्यान देना चाहिए।
पुतला दहन के बाद हुई सभा में यूथ कांग्रेस के जिला महासचिव सूरज वल्दिया ने कहा कि ड्रेस कोड और ऑनलाइन प्रवेश पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए। राष्ट्रीय प्रतिनिधि आशीष हावर्ड, युवक कांग्रेस के लोकसभा क्षेत्र महासचिव मनोज ठकुराठी ने कहा कि सेमेस्टर प्रणाली फेल साबित हो रही है।
विद्यार्थियों के हितों का हनन किया जा रहा है। कहा कि इस आंदोलन को सभी महाविद्यालयों में चलाया जाएगा। इस दौरान जगदीश बिष्ट, तरुण जोशी, विक्रम सिंह धानिक, सुनील खत्री, गौरव आगरी, नितिन खत्री आदि मौजूद थे।