पिथौरागढ़। एक वर्ष पहले बस्तड़ी में आई आपदा में मारे गए लोगों को सीमांत यूथ मोर्चा ने श्रद्धांजलि दी। मृतकों की याद में मोमबत्ती जलाई गई और सरकार से अपील की कि वह ऐसे हादसों से सबक ले, ताकि आपदा से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।
सीयूमो कार्यकर्ताओं ने कहा कि बस्तड़ी की आपदा से पूरा गांव तबाह हो गया और लोगों का आर्थिक तथा सामाजिक ताना-बाना बिखर गया। जो लोग जीवित बचे हैं, उनकी मुसीबत भी कम नहीं हुई है। सरकार की ओर से दी गई मदद इतनी कम है कि उससे पीड़ित परिवार उबर नहीं पाएंगे।
सीयूमो के प्रदेश अध्यक्ष सुशील खत्री ने कहा कि यह जिला कई वर्षों से आपदा का दंश झेल रहा है, लेकिन सरकार ने कभी सबक नहीं लिया। हर आपदा के समय कई तरह की घोषणाएं होती हैं और सारा प्रशासनिक अमला सक्रिय होता है, लेकिन कुछ दिन बाद सब भूल जाते हैं। सरकार यह बताए कि ऐसी आपदाओं से निपटने के लिए और भविष्य में रोकथाम के लिए वह क्या कदम उठाती है।
बस्तड़ी हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा गया कि जो लोग जीवित बचे हैं, उनकी मदद के लिए हर समय तैयार रहेंगे। इस दौरान प्रदेश सचिव राकेश वर्मा, नवीन शर्मा, सुरेश जोशी, राहुल खत्री, हेम जोशी, योगेश खर्कवाल, गौतम लोहनी आदि थे।