धारचूला में सेना की ओर से आयोजित पोर्टर भर्ती के लिए देश के विभिन्न राज्यों के साथ ही पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में युवा पहुंच रहे हैं। अब तक 10 हजार से अधिक युवा यहां पहुंच चुके हैं। भर्ती में असफल रहे युवाओं के लौटने का क्रम भी शुरू हो गया है। पोर्टर भर्ती के चलते इन दिनों यात्री वाहनों में काफी भीड़ दिख रही है।
सेना की ओर से आयोजित पोर्टर भर्ती एक अप्रैल से पांच अप्रैल तक होनी है। 600 पदों के लिए होने वाली भर्ती लिए उत्तराखंड के साथ ही यूपी, हरियाणा, पंजाब, बंगाल, राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से युवा यहां पहुंच रहे हैं। भर्ती के दूसरे दिन बुधवार को लगभग 1500 युवाओं ने दौड़ में भाग लिया। सेना की मेडिकल टीम ने दौड़ में सफल युवाओं की मेडिकल एवं दस्तावेज की जांच की।
दौड़ लगाने के लिए युवा देर रात दो बजे से ही मैदान के बाहर जुटना शुरू हो जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से युवाओं के ठहरने की व्यवस्था की गई है। एसडीएम मंजीत सिंह व्यवस्थाओं पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने नगर के सभी होम स्टे और होटल संचालकों से पोर्टर भर्ती में आए युवाओं से मुनासिब किराया ही लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अधिक किराया लेने की शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा टैक्सी संचालकों को भी निर्धारित से अधिक किराया न लेने की हिदायत दी गई है। प्रशासन और पुलिस टीम ने ब्लॉक सभागार, जीजीआईसी और जीआईसी में युवाओं के ठहरने की व्यवस्था की है।
युवाओं का कहना
राजस्थान के झुंझुनू से आए अरविंद कुमार और उनके साथी भी यहां पर व्यवस्थाओं से काफी खुश दिखे। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने बेहतर व्यवस्थाएं कर रखी हैं। युवाओं ने बताया कि पोर्टर भर्ती के लिए राजस्थान से 60 लड़के आए हैं जिनमें से 40 ने दौड़ पास कर ली है।
भर्ती में आए युवाओं परेशान कर रहा युवक गिरफ्तार
धारचूला में पुलिस ने शराब के नशे में पोर्टर भर्ती में बाधा डालने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली धारचूला विजेंद्र शाह ने बताया कि सेना की पोर्टर भर्ती में शामिल होने आए युवाओं से कमलेश सिंह निवासी कालिका शराब पीकर गालीगलौज कर पैसे की मांग कर रहा था। मौके पर पहुंचे एएसआई। अंबी राम और एसआई योगेश कुमार की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। बीएनएसएस की धारा 170 के तहत केस दर्ज कर आरोपी को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।
पूर्व सैनिकों ने भर्ती में आए युवाओं के लिए लगाया लंगर