क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की ओर से शनिवार को यहां नगरपालिका में लगाए कैंप में 150 लोगों का पासपोर्ट के लिए आनलाइन रजिस्ट्रेशन किया गया। कैंप रविवार को भी जारी रहेगा।
पासपोर्ट के लिए पंजीकरण की यहां पहली बार ऐसी सुविधा दी गई है। पंजीकरण के इच्छुक लोगों को पासपोर्ट इंडिया वेबसाइट में पहले आवेदन करना होता है। इस आवेदन के साथ हर व्यक्ति को अपनी ईमेल आईडी भी देनी होती है। रजिस्ट्रेशन होते ही संबंधित व्यक्ति को ईमेल से जानकारी मिल जाएगी। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी विजयशंकर पांडे ने बताया कि पंजीकरण हो जाने के बाद हर व्यक्ति को अपने पते की पुष्टि, जन्मतिथि प्रमाण के अभिलेख और निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। सारी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पासपोर्ट बन जाएगा और इसे नेट से डाउनलोड किया जा सकता है।
विजयशंकर पांडे ने बताया कि रविवार को भी कई लोगों का आनलाइन पंजीकरण किया जाएगा। उनकी मदद के लिए 11 अन्य कर्मचारी भी यहां आए हैं। अब तक यहां के लोगों को पासपोर्ट बनाने के लिए देहरादून जाना पड़ता है। यहां लगाए गए कैंप से कई लोगों को सुविधा मिली है।