पिथौरागढ़। पालिकाध्यक्ष का चुनाव लड़े समाजसेवी मनोज कुमार जोशी एमएल ने रविवार को दिल्ली के जंतर-मंतर में समर्थकों के साथ धरना देकर पिथौरागढ़ एयरपोर्ट से उड़ान शुरू करने की मांग की। एमएल 14 नवंबर से मांग को लेकर मौनव्रत पर हैं।
14 नवंबर को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत पिथौरागढ़ आए थे। एमएल हवाई पट्टी से उड़ान शुरू करने का झूठा उद्घाटन करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री का विरोध करने जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मुचलके पर छूटे एमएल ने गिरफ्तारी के बाद ही मौनव्रत धारण कर लिया था। उन्होंने हवाई पट्टी से उड़ान शुरू होने के बाद ही मौनव्रत तोड़ने का एलान किया है।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत जंतर-मंतर पहुंचे एमएल ने समर्थकों के साथ धरना दिया। कहा कि पहाड़ में हवाई सेवा की नितांत आवश्यकता है। हवाई सेवा को लेकर क्षेत्र के लोगों को बार-बार गुमराह किया जा रहा है। कहा कि पिथौरागढ़ से हवाई सेवा शुरू होती तो एयर एंबुलेंस की भी जरूरत पूरी हो जाती। उन्होंने उड़ान शुरू होने तक आंदोलन जारी रखने का एलान किया है। उनके साथ सुनील पांडेय, दीपक पंत, नंदन भंडारी, पवन महर, गणेश थापा समेत तमाम लोग धरने पर बैठे।