पिथौरागढ़। अखिल भारतीय समानता मंच ने आर्थिक आधार पर आरक्षण देने, प्रमोशन में आरक्षण की व्यवस्था समाप्त करने और एट्रोसिटी एक्ट को उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार ही लागू करने पर जोर दिया। कहा कि इसी व्यवस्था से वास्तविक रूप से वंचित लोग समाज की मुख्यधारा में आएंगे और निर्दोषों का उत्पीड़न नहीं होगा।
शुक्रवार को मंच की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जातिगत आरक्षण से सामान्य वर्ग की हजारों प्रतिभाएं निराश हैं। इसके कारण भाईचारे के साथ रहने वाले समाज में मनमुटाव बढ़ रहा है। मंच ने सरकार से मांग की कि आरक्षण आर्थिक आधार पर दिया जाना चाहिए। मंच ने पदोन्नति में आरक्षण की व्यवस्था समाप्त करने की भी मांग की।
एट्रोसिटी एक्ट पर भी मंथन किया और इसका दुरुपयोग बढ़ने पर चिंता जताई। पिथौरागढ़ जिला अस्पताल के डॉक्टरों एवं व्यापार संघ पदाधिकारी पर लगाए गए आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। बैठक में समानता मंच के अध्यक्ष शमशेर महर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दान सिंह वल्दिया, महासचिव कैलाश पुनेठा, एडवोकेट अजय बोरा, कोषाध्यक्ष बालकिशन जोशी, डॉ. विनीता पाठक, एमएस डोबाल, केएस अधिकारी आदि थे।
मंच की रैली कल
पिथौरागढ़। एट्रोसिटी एक्ट को सुप्रीम कोर्ट के दिए फैसले के अनुसार ही लागू करने, जातिगत एवं प्रमोशन में आरक्षण की व्यवस्था को समाप्त करने आदि मांगों को लेकर अखिल भारतीय समानता मंच 23 सितंबर को रैली निकालेगा। रैली सुबह 11 बजे नगरपालिका स्थित रामलीला मैदान से निकलकर गांधीचौक पहुंचेगी, जहां पर सभा होगी।