पिथौरागढ़। छियालेख में छाई धुंध के कारण हेलीकॉप्टर गुंजी की उड़ान नहीं भर पाए। इसके चलते 13वें दल के 13 यात्रियों को गुंजी से पिथौरागढ़ नहीं लाया जा सका। 14वें दल के यात्री कैलाश की परिक्रमा कर वापसी में गुंजी पहुंच गए हैं।
उच्च हिमालयी क्षेत्र छियालेख में सोमवार को भी धुंध छाई रही। इसके चलते वायुसेना के हेलीकॉप्टर गुंजी नहीं पहुंच पाए। गुंजी में 13 वें दल के अभी 15 यात्री मौसम खुलने का इंतजार कर रहे हैं। इस दल के 30 यात्रियों को शनिवार को गुंजी से लाया जा चुका है। आईटीबीपी सुरक्षा दस्ते के साथ 14वें दल के 38 यात्री परिक्रमा पूरी कर कालापानी से गुंजी पहुंच गए हैं।
15वें दल के यात्रियों का गुंजी में स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। मंगलवार को यात्री गुंजी से कालापानी को रवाना होंगे। 16वें दल के यात्री अभी गुंजी में हैं। आईटीबीपी सातवीं वाहिनी मिर्थी के कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार दल के 57 यात्रियों में से 45 यात्री नाभीगांव गए थे जो वापस लौट आए हैं। इस दल के यात्री अभी दो-तीन दिन गुंजी में और रहेंगे। उच्च हिमालयी क्षेत्र में मौसम सामान्य है जबकि छियालेख, गर्ब्यांग के बीच धुंध छाई है।