मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। राजकीय महाविद्यालय मुनस्यारी की प्रमुख समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जिला सह संयोजक प्रवीण पंडा के नेतृत्व में तहसील परिसर में आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। छात्र नेताओं ने मांगें पूरी होने तक अनशन में डटे रहने की चेतावनी दी है।
छात्र नेताओं ने पूर्व में उपजिलाधिकारी के माध्यम से उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत को ज्ञापन भेजकर महाविद्यालय की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की थी। मंत्री को भेजे ज्ञापन में महाविद्यालय में संगीत, संस्कृत, गृह विज्ञान, थिएटर विषयों की मंजूरी दिए जाने, स्नातक प्रथम वर्ष में विज्ञान विषय को मान्यता दिए जाने, एमए में भूगोल, अर्थशास्त्र, अंग्रेजी साहित्य, समाज शास्त्र की स्वीकृति दिए जाने, प्रधान सहायक, सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष, कनिष्ठ सहायक की नियुक्ति किए जाने के साथ-साथ स्थाई शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की गई थी।
इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने से नाराज विद्यार्थी परिषद ने आरमण अनशन शुरू कर दिया। आमरण अनशन में जिला सह संयोजक प्रवीण सिंह पंडा, कालेज मंत्री गणेश नेगी, त्रिलोक पंडा, किशन प्रकाश वर्मा, पंकज कुमार, सह जिला संयोजिका यशोदा महर, सुरेश कुमार बैठे हैं।