पिथौरागढ़। नगर की 20 हजार की आबादी को रविवार शाम तक पेयजल आपूर्ति से महरूम रहना पड़ा। पानी भरने वालों की दिन भर नौलों, धारों, हैंडपंप और स्टैंडपोस्टों पर कतार लगी रही।
रविवार को नगर के आधे हिस्से में सुबह की पाली में पेयजल आपूर्ति नहीं हुई। इससे खड़कोट, सेरा, घंटाकरण, बैंक रोड, सिल्थाम, जीआईसी रोड, पांडेगांव, बजेटी, कुमौड़ आदि इलाकों में पेयजल समस्या का सामना करना पड़ा। सुबह पानी नहीं आने से क्षेत्रवासियों की दिनचर्या प्रभावित हुई। बता दें कि नगर की रोजाना की मांग 12 एमएलडी से अधिक है, लेकिन घाट, ठुलीगाड़ और रई स्रोत से बमुश्किल छह एमएलडी पानी ही मिल रहा है।
नवनिर्मित आंवलाघाट से अभी पूरी तरह आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई है। 12 एमएलडी क्षमता वाली आंवलाघाट से रोजाना बमुश्किल दो-ढाई एमएलडी पानी ही मिल रहा है। इसके चलते अब भी नगर की पेयजल व्यवस्था पटरी पर नहीं आ पाई है। जल संस्थान के ईई विशाल कुमार ने बताया कि शाम साढ़े चार बजे जल संस्थान को आंवलाघाट योजना से लगभग ढाई एमएलडी पानी मिला। इससे लोनिवि, बजेटी, कुुमौड़ और हनुमान मंदिर जोन में आपूर्ति की गई।