पिथौरागढ़। मुख्य विकास अधिकारी वंदना ने 26, 27 मार्च को जिला मुख्यालय में लगने वाले किसान मेले में बाहरी प्रदेशों, जिलों के विशेषज्ञों, कृषि वैज्ञानिकों, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि 12 मार्च तक सभी को आमंत्रण मिल जाना चाहिए।
सीडीओ ने विकास भवन में आयोजन के नोडल अधिकारियों की बैठक लेते हुए कहा कि किसान मेले में किसानों, पशुपालकों की अधिक से अधिक भागीदारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार पहाड़ी जिलों में खेती को बढ़ावा देने के लिए किसान मेलों का आयोजन कर रही है। इस लिहाज से किसान मेले की तैयारी करनी होगी। आयोजन के लिए समितियों का गठन कर दिया गया है।
बताया गया कि किसान मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जिम्मेदारी मुख्य शिक्षाधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, देवसिंह इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य को दी गई है। मंच सज्जा का काम उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला सूचनाधिकारी, परियोजना निदेशक उरेडा देखेंगे।