डीडीहाट (पिथौरागढ़)। नगरपालिका के सभी सात वार्डों में एक करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से सार्वजनिक रास्तों और नालियों का निर्माण होगा। साथ ही खराब हो चुके रास्तों और नालियों की मरम्मत भी की जाएगी। पालिका ने पानी के निकास पर ज्यादा ध्यान देने का फैसला लिया है, ताकि बारिश के मौसम में पानी से नुकसान की समस्या पैदा न हो।
नगर पालिका अध्यक्ष कवींद्र साही ने बताया कि राज्य वित्त की मद से शासन ने डीडीहाट नगर पालिका को 1.54 करोड़ की राशि उपलब्ध करा दी है। इस राशि से नगरपालिका के सभी सात वार्डों में वरीयता के आधार पर नालियों और पैदल रास्तों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए नगर पालिका ने निविदाएं भी आमंत्रित कर दी हैं। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नगर के अंतर्गत कई मोहल्लों में बरसात का पानी काफी तीव्र गति से आता है।
इस कारण हर साल भूकटाव के खतरे हो जाते हैं। अब बारिश के पानी के निकास के लिए पक्की नालियों का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि हर मोहल्ले तक जाने के लिए पक्के रास्ते बनाए जाएंगे। निर्माण कार्य के समय गुणवत्ता का पूरा ध्यान दिया जाएगा और समय पर काम पूरा करने के निर्देश भी ठेकेदारों को दिए गए हैं।