बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। बेड़ीनाग से हल्द्वानी जा रही एक कार यहां से करीब 15 किलोमीटर दूर मंगलता के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को आपात चिकित्सा सेवा 108 के नहीं मिलने से निजी वाहन से यहां अस्पताल लाया गया। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नया बाजार निवासी गोविंद सिंह (35) अपनी बीमार पत्नी चंद्रकला (33) का इलाज कराने के लिए कार (यूके 05/1976) से हल्द्वानी जा रहे थे। अपने साथ वह दोनों बेटों गौरव (13) और दिव्यांश को भी (10) लेकर गए थे।
ये कार मंगलता के पास सड़क की दीवार से टकरा कर पलट गई। हादसे में चारों को चोट आ गई। आसपास के लोगों ने घायलों को निजी वाहन से देर शाम बेड़ीनाग अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ.संदीप कुमार ने बताया कि घायलों की हालत खतरे से बाहर है।