शिलारोहण के साथ योग की शिक्षा भी
पिथौरागढ़। कुमाऊं मंडल विकास निगम की ओर से संचालित शिलारोहण प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान युवाओं को योग की शिक्षा भी दी जा रही है। शिलारोहण प्रशिक्षण में मुनस्यारी के युवा भाग ले रहे हैं। सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत चल रहे इस प्रशिक्षण में युवाओं को आपदा प्रबंधन की भी जानकारी दी जा रही है। रेस्क्यू प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को आपदा में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के तरीके बताए जा रहे हैं।
केएमवीएन के साहसिक पर्यटन प्रबंधक दिनेश गुरुरानी ने बताया कि युवाओं को हिमालय बचाओ अभियान से भी जोड़ा जा रहा है। उनको स्वच्छता अभियान के बारे में बताया गया तथा पर्यावरण संरक्षण की जानकारी दी गई। युवाओं को शिलारोहण के तहत रैपलिंग, जुमारिंग, रिवर क्रासिंग के बारे में बताया जा रहा है। प्रशिक्षण मुख्य प्रशिक्षक बासु पांडे, काशी सिंह खत्री, पद्म सिंह और दीपक बिष्ट दे रहे हैं।