सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष ने समस्याएं सुनीं
पिथौरागढ़। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष संतोष गौरव ने विकास भवन में नगरपालिका, नगर पंचायत के माध्यम से पर्यावरण मित्रों के लिए किए जाने वाले कार्यों की समीक्षा की। साथ ही पर्यावरण मित्रों की समस्याएं सुनीं।
गौरव ने नगर निकाय के अधिकारियों को प्रत्येक कर्मचारी को दस्ताने, मास्क, जूता, वर्दी और आवश्यक उपकरण देने के निर्देश दिए। कहा कि आने वाले समय में नगर निकायों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। यदि कोई भी पर्यावरण मित्र बगैर दस्ताने, मास्क के काम करते हुए पाया गया तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला पुरुष और महिला अस्पताल में पर्यावरण मित्रों को मात्र 5000-6000 मानदेय दिया जा रहा है, जो नियमों के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि 15 दिन के भीतर लोनिवि द्वारा स्वीकृत दर के हिसाब से मानदेय देना सुनिश्चित करें। उन्होंने नियमित रूप से पर्यावरण मित्रों के स्वास्थ्य की जांच करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि निकाय कर्मचारियों को बीमा, पेंशन और मृतक आश्रितों को नौकरी देने का मामला सरकार के सामने उठाया गया है। बैठक में तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद थे।