पिथौरागढ़। नगर निगम की मतगणना के लिए 14 टेबल लगेंगी। वहीं जिले के अन्य पांच निकायों में मतगणना सात-सात टेबलों पर होगी। हर टेबल पर गणना सुपरवाइजर और गणना सहायक तैनात होंगे। मतगणना के लिए नियुक्त कार्मिकों को 20 जनवरी को एलएमएस परिसर में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मतदान की तिथि नजदीक आते ही निर्वाचन विभाग की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मतदान के लिए पहले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब निर्वाचन विभाग मतगणना की तैयारी में जुट गया है।
एनआईसी के प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि नगर निगम पिथौरागढ़ की मतगणना के लिए 14 टेबल लगेंगी। वहीं डीडीहाट, बेड़ीनाग, गंगोलीहाट, धारचूला नगर पालिका और मुनस्यारी नगर पंचायत की मतगणना के लिए तहसील कार्यालय में सात-सात टेबल लगाई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि हर टेबल पर एक गणना सुपरवाइजर और तीन गणना सहायक तैनात होंगे। सभी टेबलों के लिए मतगणना कार्मिक नियुक्त कर दिए हैं जिनका रेंडजाइजेशन भी हो चुका है। सभी मतगणना कार्मिकों को 20 जनवरी को एलएसएम परिसर में प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद गोस्वामी ने कहा कि मतदान और मतगणना के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं।
16 को दिया जाएगा मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण
पिथौरागढ़। मतदान कर्मियों को 16 जनवरी को द्वितीय चरण का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि एलएसएम परिसर में मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। बताया कि प्रशिक्षण में कार्मिकों के साथ ही सभी एआरओ, जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट को शामिल होना होगा।
निकाय चुनावों में सुरक्षा व्यवस्था पर की चर्चा
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। गंगोलीहाट थानाध्यक्ष हीरा सिंह डांगी ने नगर निकाय चुनाव को देखते हुए थाना क्षेत्र के सभी ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक की। उन्होंने प्रहरियों के साथ नगर निकाय चुनावों को लेकर सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने ग्राम प्रहरियों को स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया और आपातकालीन स्थिति होने पर पुलिस को सूचित करने को कहा।
22 जनवरी को मतदान पार्टियां होंगी रवाना
चंपावत। जिले में 22 जनवरी को गोरलचौड़ मैदान से सभी मतदान पार्टियां सामग्री लेकर बूथों के लिए प्रस्थान करेंगी। उसी समय संबंधित कार्मिक पोस्टल बैलेट से अपना मत संबंधित बूथ में डाल सकेंगे। इसकी व्यवस्था संबंधित आरओ की ओर से गौरलचौड़ में बनाई जा रही है।
डीएम नवनीत पांडेय ने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि निर्वाचन डयूटी में कार्मिकों को 15 जनवरी को प्रथम प्रशिक्षण के दिन पोस्टल बैलेट के लिए आवेदन फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे। 20 जनवरी को द्वितीय प्रशिक्षण के दिन आवेदन प्राप्त कर संबंधित आरओ को उपलब्ध कराए जाएंगे।
23 को भी मिलेगा मतदान का मौका
चंपावत। मतदान कार्मिकों को 23 जनवरी को भी मतदान का मौका मिलेगा। डीएम ने कहा कि मतदान कार्मिक 22 जनवरी को अपना वोट नहीं कर सकता है तो उन्हें 23 जनवरी को भी अवसर मिलेगा। ऐसे कार्मिक संबंधित बूथ में पीठासीन अधिकारी को अपने दोनों मत (अध्यक्ष और वार्ड सदस्य) के लिफाफे उपलब्ध करा सकते हैं, इन्हें संबंधित पीठासीन अधिकारी की ओर से रिटर्निंग अधिकारी के पास जमा किया जाएगा। अगर कोई मतदान कार्मिक वोटिंग के दिन भी पोस्टल बैलेट जमा नहीं कर पाते हैं, तो वह 24 जनवरी को रात आठ बजे तक रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में अपना पोस्टल बैलेट जमा कर सकते हैं। संवाद
बूथों पर सभी व्यवस्थाएं करें सुनिश्चित
चंपावत। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम नवनीत पांडे ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट को अपने-अपने बूथों का निरीक्षण कर उनमें पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया, समाचार पत्रों पर भी चुनाव व्यय पर नजर रखने के निर्देश संबंधित नोडल अधिकारी को दिए।
उन्होंने कहा कि सभी बूथों में मतदान पार्टियां 22 जनवरी को ही पहुंच जाएंगी। चारों निकायों के अधिशासी अधिकारी बूथों में रहने और भोजन आदि की व्यवस्था करेंगे। इस बार सभी 40 बूथों पर एक–एक महिला कार्मिक जो द्वितीय मतदान अधिकारी होंगी और वह मतदान टीम के साथ आवश्यक सामग्री प्राप्त कर 22 जनवरी को संबंधित बूथ तक जाएंगी और अपने घर रात्रि विश्राम करेंगी।
23 जनवरी को मतदान प्रारंभ होने से पूर्व अपने बूथ पर पहुंचना सुनिश्चित करेंगी। शेष कार्मिक बूथ पर ही रहेंगे। स्वास्थ्य खराब होने पर ड्यूटी से हटाए जाने के लिए कार्मिंक को मेडिकल बोर्ड के समक्ष उपस्थित होना होगा। बोर्ड की ओर से जारी प्रमाणपत्र पर ही ड्यूटी हटेगी। एसपी अजय गणपति ने कहा कि निर्वाचन की तैयारी पूरी कर ली है। यहां सीडीओ संजय कुमार सिंह, एडीएम जयवर्द्धन शर्मा आदि मौजूद रहे।
स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल किए चिह्नित
चंपावत। जिले में नगर निकाय निर्वाचन की मतगणना के लिए स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल चिह्नित किए गए है। जिला निर्वाचन अधिकारी नवनीत पांडेय ने बताया कि नगर पालिका टनकपुर में निर्वाचन के लिए राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में स्ट्रांग रूम और पीजी कॉलेज टनकपुर कक्ष संख्या आठ भूतल टनकपुर में मतगणना स्थल चिह्नित किया गया है।
पालिका चंपावत में निर्वाचन के लिए वन पंचायत भवन गोरलचौड़ मैदान में स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल चिह्नित किया है। लोहाघाट में नगर निकाय निर्वाचन के लिए वन पंचायत भवन का कक्ष एक में स्ट्रांग रूम और उप जिलाधिकारी लोहाघाट के वन पंचायत भवन मीटिंग हॉल लोहाघाट में मतगणना स्थल चिह्नित किया है। वहीं नगर पंचायत बनबसा में वनस्पति विज्ञान प्रयोगशाला कक्ष राजकीय पीजी कॉलेज टनकपुर में स्ट्रांग रूम और पीजी कॉलेज टनकपुर कक्ष संख्या 14 (प्रथम तल) में मतगणना स्थल चिह्नित किया गया है।
निर्वाचन में तैनात कार्मिकों के लिए बनाया गया मेडिकल बोर्ड
चंपावत। जिला निर्वाचन अधिकारी नवनीत पांडेय ने बताया कि नगर निकाय निर्वाचन में तैनात कार्मिकों को चिकित्सीय आधार पर ड्यूटी से हटने के लिए जिला स्तरीय मेडिकल बोर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि संबंधित कार्मिक चिकित्सीय जांच के लिए 15 से 17 जनवरी तक जिला चिकित्सालय चंपावत में जाकर मेडिकल बोर्ड के समक्ष उपस्थित होकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कर प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकता है। इसके लिए सीएमओ को आवश्यक निर्देश दिए हैं।