पिथौरागढ़-धारचूला एनएच पर कई सालों से सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है, जिस कारण अनुसूचित लोगों की बस्ती सिमार में 14 आवासीय मकान भूस्खलन की जद में आ गए हैं। प्रभावितों ने मकानों को बचाने के लिए सुरक्षा दीवार नहीं लगाने पर कनालीछीना में चक्काजाम करने की धमकी दी है।
सिमार निवासी गमेश राम, राजेश्वरी देवी, चंद्रा देवी, केशव राम, प्रताप राम, पुष्कर राम, पूरन राम, दीवानी राम, बुद्धि राम, विनोद राम, किशन राम, नरी राम, रंजीत राम, प्रदीप राम ने डीएम को भेजे ज्ञापन में कहा है कि सीमा सड़क संगठन ने सड़क चौड़ीकरण के लिए जमीन की कटिंग की, लेकिन लंबे समय बाद भी सुरक्षा दीवार नहीं लगाई, जिससे बारिश के दौरान जमीन धंस और खिसक रही है। उन लोगों के मकान खतरे की जद में आ गए हैं। बीआरओ को बार-बार दीवार लगाने को कहा जा चुका है, मगर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
कहा कि 10 दिन के भीतर बीआरओ सुरक्षा दीवार का निर्माण शुरू नहीं करता है तो वह अपने बच्चों के साथ कनालीछीना बाजार में धरना देने के साथ ही चक्काजाम करेंगे। उधर, बीआरओ के जेई पीएस पिंगल का कहना है कि कनालीछीना क्षेत्र में हॉटमिक्स होना है। हॉटमिक्स के दौरान सुरक्षा दीवार लगाई जानी है।