पिथौरागढ़। भाव राग ताल नाट्य अकादमी की पांच दिवसीय नाट्य मंच कार्यशाला में पहले दिन जयपुर राजस्थान की आध्यात्म नाट्य अकादमी के कलाकारों ने वेटिंग फॉर गोडो नाटक का मंचन किया। नाटक जीवन की परेशानियों से तंग आकर आत्महत्या करने वाले लोगों पर केंद्रित था।
रामलीला मैदान टकाना में आयोजित नाट्य महोत्सव का उद्घाटन गोपाल सिंह गोस्वामी और पालिका के कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी दीपक कुमार ने किया। वेटिंग फॉर गोडो नाटक के जरिए लोगों को मानव अस्तित्व की बातों से रूबरू कराया गया। दिखाया गया कि किस तरह से इंसान अलग-अलग दिन तरह-तरह की परेशानियों का सामना करता है। नाटक के जरिए जीवन का महत्व बताया गया। लोगों को आत्महत्या न करने के लिए प्रेरित करने वाले इस नाटक ने दर्शकों को झकझोर दिया। नाटक को खूब सराहना मिली। नाटक के बाद लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया।
नाटक की परिकल्पना और निर्देशन संकेत जैन ने किया। पात्रों की भूमिका महमूद अली, रोहन सिंह, योगेंद्र सिंह, करणी सिंह, चारण, ओम, लक्ष्मी, धर्मेंद्र ने निभाई। मंच व्यवस्था रवींद्र पारिक, निखिल शर्मा ने की। मेकअप गरिमा पारिक ने किया। नाट्य महोत्सव का समापन 31 मार्च को होगा।