पिथौरागढ़। होली की एकादशी पर रविवार को ध्वजारोहण और रंग पड़ जाएगा। इसी के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में दिन में खड़ी तो रात को बैठकी होली की धूम मचनी शुरू हो जाएगी। होली त्योहार को लेकर बाजार में चहल-पहल काफी बढ़ गई है।
पं. दामोदर भट्ट के अनुसार सुबह दस बजकर आठ मिनट से पूर्व आंवला वृक्ष की पूजा कर होली का रंग पड़ेगा और ध्वजारोहण होगा। इसके बाद भद्रा शुरू हो जाएगी। भद्रा में शुभ कार्य नहीं किए जाते हैं। इस बार होली चार दिनों तक होगी। 20 मार्च को व्रत की पूर्णिमा है। इसी दिन रात को होलिका दहन किया जाएगा।
अगले दिन 21 मार्च को प्रतिपदा है और छरड़ी मनाई जाएगी। इस बार पहाड़ और मैदान दोनों जगहों पर एक ही दिन छरड़ी पड़ रही है। 22 मार्च को होली का टीका मनाया जाएगा। सीमांत जिले के अधिकांश गांवों में होली की तैयारियां शुरू हो गई है। रविवार को रंग पड़ने के साथ ही ईष्टदेव के मंदिरों में ढोल-नगाड़ों के साथ ध्वजारोहण कर खड़ी होली शुरू हो जाएगी। होली को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बाजारों में होली सामग्री की खूब खरीदारी हो रही है।