पिथौरागढ़। नए पालिका बोर्ड के साथ ही लोगों की उम्मीदें भी काफी बढ़ गई हैं। अब तक पालिका की ओर से कई योजनाओं के प्रस्ताव बनाए गए, लेकिन इनमें अपेक्षाकृत सफलता नहीं मिली। अब नई पालिका को नगर के विकास के लिए सोरघाटी में पर्यटन सुविधाओं को विकसित करने के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण से कार्य करना होगा।
नगरपालिका का मुख्य उद्देश्य सोरघाटी को पर्यटक सिटी के रूप में विकसित करना होना चाहिए। अवस्थापना सुविधाएं सड़क, बिजली, पानी, पथ प्रकाश और सफाई पर विशेष ध्यान देना होगा। भविष्य में पर्यटन होम स्टे प्रकृति का होगा। इसे देखते हुए जरूरी हो जाता है कि सभी मोहल्लों में धरातलीय सफाई हो। पर्यटक नगरी के रूप में विकसित करने की योजनाओं के प्रस्ताव पालिका को वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने वाली केंद्र और राज्य सरकार की संस्थाओं के समक्ष पेश करना होगा, यदि पिथौरागढ़ को पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने की योजना पर काम किया जाए तो हर वार्ड में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
नगर और उसके आसपास कुटीर उद्योगों और जैविक फल-फूलों का विकास होगा। यदि संभव हो सके तो पालिका को जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाते हुए चंडाक और भैंलोत से दिखने वाली बर्फीली चोटियों तक संपर्क मार्ग और बुनियादी सुविधाएं जुटाने के लिए काम किया जा सकता है।
हाल ही में वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने भी कहा था कि सरकार निकायों को स्वावलंबी बनाने के लिए वित्तीय धनराशि उपलब्ध कराने वाली है। निकायों को भी अपने पैरों पर खड़ा होना होगा। पर्यटन बढ़ेगा तो पालिका की आर्थिक स्थिति भी बेहतर होगा।
सोरघाटी प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है। इसे पर्यटक वैली के रूप में विकसित करना पालिका का दृष्टिकोट होना चाहिए। इससे केंद्र और राज्य सरकार से योजनाओं के लिए धनराशि लेने में भी आसानी होगी। पालिका को नगर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बढ़ाने के लिए मजबूती से कार्य करना होगा। -बीडी कसनियाल, वरिष्ठ पत्रकार