पिथौरागढ़। बिलाई गांव में अशोक नगर से भाटीगांव तक सड़क निर्माण के दौरान एक मकान खतरे की जद में आ गया है, लेकिन अब तक कार्यदायी संस्था ने बचाव के कदम नहीं उठाए हैं। प्रभावित मकान मालिक ने प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
प्रभावित मकान मालिक माया देवी और परिजनों ने डीएम को ज्ञापन देकर आवास की सुरक्षा की मांग की। प्रभावित ने बताया कि लोनिवि के सड़क निर्माण के चलते आवास खतरे की जद में आ गया है। वे काफी समय से कार्यदायी संस्था से आवास की सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।
बचाव के तहत कार्यदायी संस्था को आवास के नीचे सुरक्षा दीवार का निर्माण कराना है, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई है। बारिश को देखते हुए आवास पर खतरे के बादल मंडरा रहे हैं। आवास कभी भी धराशायी हो सकता है। डीएम ने प्रभावित को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।