डीडीहाट (पिथौरागढ़)। विकास प्राधिकरण के विरोध में अब ग्रामीण क्षेत्र की जनता भी आने लगी है। डीडीहाट के निकटवर्ती ग्राम सभा हाट के सभी लोगों ने प्राधिकरण के विरोध में आंदोलन की चेतावनी दी है। कहा है कि यदि गांवों में प्राधिकरण के प्रावधान लागू किए गए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
हाट गांव में हुई खुली बैठक में पूर्व प्रधान धन सिंह कफलिया ने कहा कि विकास प्राधिकरण के नाम पर राज्य सरकार गांव की जनता पर टैक्स थोपने की तैयारी कर रही है। बैठक में गोविंद लाल साह ने कहा कि सरकार द्वारा जबरन थोपे जा रहे प्राधिकरण के बाद कोई भी मकान मालिक अपने मकान की खिड़की को भी नहीं बदल पाएगा। उसे मकान में एक नई ईंट लगाने के लिए भी अनुमति लेनी पड़ेगी।
युवक मंगल दल हाट के सदस्य लवी कफलिया ने कहा कि विकास प्राधिकरण के नाम पर सरकार लोगों पर जबरन एक काला कानून थोपने का काम कर रही है। वहीं, ग्रामीण महिलाओं ने कहा कि वह प्राधिकरण के विरोध में सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगी। बैठक में प्राधिकरण के विरोध का प्रस्ताव पास कर राज्यपाल को भेजा गया। बैठक में पूर्व तहसीलदार आनंद सिंह भंडारी, दिवान सिंह भंडारी ने भी विचार रखे। बैठक में भारी संख्या में लोग मौजूद थे।
लोगों को विकास प्राधिकरण की जानकारी दी, प्रदर्शन किया
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ संघर्ष समिति के अध्यक्ष दीपक तिवारी के नेतृत्व में लोगों ने धर्मशाला लाइन मोहल्ले में विकास प्राधिकरण के बारे में जानकारी दी। साथ ही मोहल्ले के लोगों के साथ प्राधिकरण के विरोध में प्रदर्शन किया। दीनू ने कहा कि सरकार जनता पर जबर्दस्ती विकास प्राधिकरण थोप रही है। इसके खिलाफ सभी लोगों को एकजुट होना होगा। मोहल्ला निवासी नवीन खत्री, शिखा खत्री ने कहा विकास प्राधिकरण जनता के साथ अन्याय है। इस फैसले को सरकार को वापस लेना चाहिए। प्रदर्शन में नगर महासचिव मुकेश जोशी, विजय खत्री, श्याम खत्री, मनोज खत्री, शकुंतला खत्री, दीपा खत्री, मोनिका, सुनील खत्री आदि शामिल थे।