जौलजीबी (पिथौरागढ़)। सड़क चौड़ीकरण के काम के दौरान पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से दूतीबगड़ में गंभीर पेयजल संकट पैदा हो गया है। गांव के 79 परिवार जैसे-तैसे पीने के पानी का इंतजाम कर रहे हैं।
गांव के लोगों ने बताया कि 10 दिन पहले सड़क चौड़ीकरण के काम के दौरान फांफू से दूतीबगड़ के लिए बनी पानी की योजना कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई थी। अब तक योजना की मरम्मत नहीं की गई है। इससे गांव में पेयजल का गंभीर संकट पैदा हो गया है।
ग्राम प्रधान कमला चंद ने कहा कि 10 दिन बाद भी योजना की मरम्मत न करना ग्राम पंचायत के लोगों के साथ अन्याय है। कैप्टन राम सिंह पाल, सरपंच तारा चंद, व्यापार संघ के पूर्व अध्यक्ष भूपाल चंद ने कहा कि 79 परिवार पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं, स्थिति और गंभीर हो सकती है। इस बात को सरकारी अमले को समझना चाहिए।