बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। बेड़ीनाग-रीठारैतोली मार्ग पर कई स्थानों पर अतिक्रमण से सड़क संकरी हो गई है। एसडीएम विवेक प्रकाश के आदेश पर लोनिवि ने सड़क की नापजोख में पाया कि कई स्थानों पर सड़क की जितनी चौड़ाई अभिलेखों में दर्ज है, वास्तविक चौड़ाई उससे भी बहुत कम है। इस कारण बेड़ीनाग से आगे इस सड़क पर बड़े वाहन नहीं चल पाते। संकरी सड़क पर दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता बीसी पंत ने निरीक्षण रिपोर्ट एसडीएम को भेजते हुए कहा कि जिस स्थान पर अभिलेख में सड़क की चौड़ाई 6.85 मीटर दर्शाई गई है, वास्तव में वहां पर सड़क की चौड़ाई मात्र 4.40 मीटर ही मिली। कहीं-कहीं पर सड़क की चौड़ाई इससे भी कम है। विभाग ने स्वीकार किया है कि अतिक्रमण के कारण अधिकांश स्थानों पर सड़क संकरी हुई है। यह निरीक्षण लोनिवि के सहायक अभियंता मोहन चंद्र पलड़िया, अवर अभियंता दीपक कुमार ने किया और इस मामले को तहसील दिवस में उठाने वाले प्रमोद कुमार धारियाल हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता धारियाल का कहना है कि जब विभाग को निरीक्षण में अतिक्रमण की पुष्ट जानकारी मिल गई तो अब तक कोई कदम क्यों नहीं उठाया गया। उन्होंने इस मामले की जानकारी जिलाधिकारी को भी दी है। कहा है कि यदि शीघ्र इस मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो अदालत में वाद दायर किया जाएगा।