पिथौरागढ़। विकासखंड मूनाकोट के अंतर्गत माजिरकांडा गांव को जोड़ने वाली पेयजल योजना छह माह से ठप पड़ी है। इससे गांव में पीने के पानी का संकट गहरा गया है। यह मामला पिछले दिनों क्षेत्र पंचायत की बैठक में उठाया गया। ग्रामीणों के अनुसार छह माह पहले भारी बारिश के दौरान यह योजना ध्वस्त हो गई थी, लेकिन अब तक योजना की मरम्मत नहीं हो पाई है।
इसके अलावा सातशिलिंग-सल्मोड़ा पेयजल योजना में नियमित पेयजल सप्लाई न होने से भी लोग नाराज है। गलात पेयजल योजना में एक अतिरिक्त टंकी बनाने और खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत की मांग भी लोगों ने उठाई है। अपर जिलाधिकारी मोहम्मद नासिर ने पेयजल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों से बंद पड़ी योजनाओं की शीघ्र मरम्मत करने और जिन योजनाओं में पानी चलने में दिक्कत आ रही है, उसे शीघ्र दूर करने को कहा है। उन्होंने कहा कि जनवरी तक सभी योजनाओं को दुरुस्त कर दिया जाएगा।