पिथौरागढ़। सेना में भर्ती के लिए शुरू की गई ऑनलाइन प्रक्रिया का पूर्व सैनिकों ने स्वागत किया है और कहा है कि इस प्रक्रिया को काफी पहले शुरू कर दिया जाना चाहिए था। अब सेना में भर्ती होने के लिए आवेदन ऑनलाइन करना पड़ता है। इसी के आधार पर युवकों का भर्ती के लिए बुलावा आता है।
जिला सैनिक कल्याण परिषद के सदस्य नरेंद्र चंद का कहना है कि इससे पहले जब तक भर्ती के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया नहीं थी तब भर्ती न होने के इच्छुक युवा भी अपना शारीरिक क्षमता का परीक्षण करने के लिए भर्ती मेले में शामिल हो जाते थे। इससे कई बार अव्यवस्थाएं फैलने लगी। कई शहरों में भर्ती मेलों के दौरान उत्पात भी हुए। नरेंद्र चंद का कहना है कि सेना में भर्ती की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने में यह कदम ज्यादा कारगर होगा और सेना में अच्छी क्षमता वाले युवक शामिल होंगे। उन्होंने कहा है कि इस प्रक्रिया को लगातार जारी रखा जाए और अर्धसैनिक बलों की भर्ती में भी इसी प्रक्रिया को अपनाया जाए।