पिथौरागढ़। विकासखंड विण के भुरमुनी नैकिना गांव स्थित प्राचीन वैष्णवी मंदिर में बृहस्पतिवार रात लगे मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची रही। हर साल भादो मास की संक्रांति के दिन मंदिर में वैष्णवी का डोला उठता है।
ब्लॉक प्रमुख अंजू लुंठी ने मेले का उद्घाटन किया। कहा कि भविष्य में मेले को और अधिक आकर्षक बनाया जाएगा। इस दौरान ललित सिंह धानिक के संरक्षण में कमेटी का गठन किया गया। मेले में भुरमुनी, नैकिना, छाना, धारीगांव, दिगतोली, छेड़ा, सीम, आगर क्षेत्र के लोगों ने हिस्सा लिया। प्रकाश रावत एंड पार्टी, कैलाश कुमार एंड पार्टी, बेलाल ग्रुप के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक कार्यक्रम पेश किए।
स्थानीय संस्कृति पर आधारित कार्यक्रमों का लोगों ने खूब आनंद उठाया। इस मौके पर मेला कमेटी के अध्यक्ष दीपक लुंठी, पूरन सिंह, जगदीश प्रसाद, हरीश पांडे, गजेंद्र सिंह, मनोज सिंह, त्रिलोक सिंह, देवराज सिंह, कुंडल सिंह आदि मौजूद थे। एक दिनी इस मेले के प्रति लोगों में काफी उत्साह देखा गया। इस इलाके में वैष्णवी देवी का एकमात्र मंदिर है।