गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। नियोलियासेरा में टूटे पुल के स्थान पर लोक निर्माण विभाग ने आवागमन के लिए ट्राली लगा दी है। शुक्रवार को विधायक मीना गंगोला ने ट्राली का शुभारंभ कराया।
मदनपुर-नैनी मार्ग पर नियोलियासेरा के पास बना पुल एक फरवरी को टूट गया था। इस हादसे में पुल पर बैठे दो युवकों की मौत हो गई थी। जिस समय पुल गिरा, उस समय पुल से खनन सामग्री से भरे दो लोडेड ट्रक गुजर रहे थे। दोनों ट्रक पुल के साथ नदी के तल पर जा गिरे थे।
हादसे के बाद मामले की जांच और कार्रवाई का सरकारी एलान हुआ। दो महीने के भीतर नया पुल बनाने की बात हुई, लेकिन पुल गिरने के लिए जिम्मेदार लोगों पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। नए पुल का काम भी शुरू नहीं हुआ है। पुल गिरने से नैनी, ग्वासीकोट आदि इलाके यातायात सुविधा से वंचित हो गए हैं। बरसात की दिक्कतों के चलते सरकार ने नियोलियासेरा में ट्राली लगाई है। ट्राली में एक समय में चार लोग बैठ रहे हैं। दो मिनट में ट्राली एक चक्कर लगा ले रही है।
विधायक गंगोला ने कहा कि ट्राली लगने से बरसात में लोगों की दिक्कतें कम होंगी। उन्होंने कहा नियोलियासेरा में नया पुल जल्द बनवाया जाएगा। इस दौरान प्रधान मोहन जोशी, लोनिवि के अधिशासी अभियंता बीसी पंत, भाजपा ब्लॉक अध्यक्ष रवींद्र बनकोटी, नारायण सिंह, एचसी कोठारी, जेडी कांडपाल आदि मौजूद थे।