पिथौरागढ़। जाखपुरान क्षेत्र के पुरान गांव में आग से मकान और सामान जलने के बाद सड़क पर आ गए परिवार को प्रशासन ने पटवारी चौकी में शिफ्ट कर दिया है। प्रशासन और ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार के सदस्यों के लिए राशन और कपड़ों की व्यवस्था की है। पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने को लेकर राजस्व विभाग की ओर से संस्तुति भेजी गई है।
22 अप्रैल को पुरान गांव निवासी रमेश पुनेड़ा का मकान जल गया था। मकान के साथ ही सभी सामान के जल जाने से परिवार संकट में आ गया था। इस परिवार को गांव में खाली पड़ी पटवारी चौकी में शिफ्ट कर दिया है। राजस्व उपनिरीक्षक मोहम्मद परवेज ने बताया कि अग्निकांड प्रभावित परिवार के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। चौकी में शौचालय सहित सभी सुविधाएं हैं। चौकी में रखे कंबल उन्हें उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों से भी यथासंभव सहायता करने का आह्वान किया है।
इधर अग्निकांड प्रभावित परिवार को उचित मदद देने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र भट्ट के नेतृत्व में ग्रामीण जिलाधिकारी से मिले। ग्रामीणों ने कहा कि आग से मकान और लाखों का सामान जल जाने से परिवार गहरे संकट में है। जिलाधिकारी से मिलने वालों में ललित धानिक, विनोद भट्ट, राजेंद्र जोशी, कमल जोशी, जगदीश जोशी, गोविंद बल्लभ, गणेश दत्त, दिनेश जोशी, मनोज जोशी, ईश्वरी जोशी, अर्जुन प्रसाद, सतीश चंद्र जोशी, नंदन प्रसाद शामिल थे।