मुनस्यारी। सड़क की मरम्मत न होने से नाराज पांच गांवों के लोगों ने 23 अप्रैल को चक्का जाम की चेतावनी दी है। उधर, लोगाें की नाराजगी को भांपते हुए भाजपा पदाधिकारियों ने डैमेज कंट्रोल की कोशिश भी शुरू की है। अब पंचायत चुनाव भी हैं और पार्टी नेताओं को डर है कि निहायत स्थानीय स्तर पर होने वाले इस चुनाव में लोगों की नाराजगी भारी पड़ सकती है।
मदकोट से माणी टुंडी, जोशा, चौना के लिए बनी सड़क की हालत लंबे समय से खराब है। बार-बार की मांग के बाद भी सड़क की मरम्मत न होने से नाराज पांच गांवाें के लोग अब आर पार की लड़ाई का मन बना रहे हैं। इन लोगों ने 23 अप्रैल को चक्का जाम की चेतावनी भी दी है।
लोगों की नाराजगी को भांपते हुए सत्ताधारी दल के नेताओं ने डैमेज कंट्रोल की कोशिश भी शुरू की है। मर्तोलिया ने एसडीएस आरसी गौतम से मुलाकात कर कहा कि विभागों की कमियों का ठीकरा सरकार के सिर में फोड़ना ठीक नहीं है। भाजपा नेता जगत सिंह मर्तोलिया ने एसडीएम को पत्र भेजकर 21 अप्रैल को जोशा गांव में समाधान बैठक की मांग की है।
मर्तोलिया का कहना है कि लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों के साथ गांवों के लोगाें की बैठक होनी चाहिए। उधर, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रयाग सिंह पालीवाल के साथ पार्टी कार्यकर्ता एसडीएम आरसी गौतम से भी मिले। इनका कहना था कि लोक निर्माण विभाग, विश्व बैंक, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़कें चलने लायक तक नहीं रह गई हैं। एसडीएम आरसी गौतम का कहना है कि लोगाें ने सड़कों से संबंधित समस्याओं को सामने रखा है। शीघ्र ही सभी विभागों के अफसरों की बैठक बुला कर समाधान करवाया जाएगा।
इन सड़कों के बुरे हाल........
- मल्ला जोहार, रालम के लिए बना पैदल मार्ग
- स्टेट बैंक से चांदनी तक की सड़क।
- गोरीपार क्षेत्र, हरकोट, पापड़ी, गैला, टांगा, सिरतोला, बौना, तोमिक, जोशा, माणीटुंडी, चौना सड़क
लोकसभा चुनाव में भी लोगों ने सड़क को बनाया था मुद्दा
पिथौरागढ़। लोकसभा चुनाव में भी क्षेत्र के गांवों के लोगों ने सड़कों को ही मुद्दा बनाया और कई स्थानों पर तो मतदान तक का बहिष्कार किया। लोगों की नाराजगी इस बात को लेकर भी है कि मुख्य सड़कों का ही निर्माण कई साल तक नहीं हो पा रहा है और इससे गांवों के लोगाें को ही सबसे अधिक समस्याआें का सामना करना पड़ रहा है। सड़क न होने से लोगों को कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है।
बारहमासी सड़क पर सवा घंटे का जाम
पिथौरागढ़। घाट-पिथौरागढ़ बारहमासी सड़क पर मंगलवार को 11.30 से लेकर 12.45 तक जाम के कारण यात्री फंसे रहे। यह जाम पहाड़ी की कटिंग के कारण लगा और यात्रियों का कहना है कि यह रोज की ही बात हो गई है। जाम में फंसने के कारण कई बार यात्रियों को रात में पहाड़ी मार्ग पर आवाजाही करनी पड़ रही है।
बारहमासी सड़क पर इन दिनों गुरना मंदिर से नीचे सड़क चौड़ीकरण के लिए पहाड़ी की कटिंग की जा रही है। मंगलवार को भी पहाड़ी कटिंग के दौरान सुबह 11.30 बजे से 12.45 बजे तक यात्रियों और वाहन चालकों को जाम में फंसना पड़ा। गुरना मंदिर के पास तक करीब एक किमी लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों और सैकड़ों वाहन फंस गए। यात्रियों का कहना है कि जाम के चलते कई बार वे समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाते हैं।