पिथौरागढ़। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया है कि जनपद में त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावलियों का विस्तृत पुनरीक्षण कराने के लिए पूर्व में निर्धारित समय सारिणी में संशोधन किया गया है।
15 अप्रैल को क्षेत्र पंचायत नोडल, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण और अतिरिक्त सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की नियुक्ति की गई है। 16 से 18 अप्रैल तक ग्राम पंचायत वार विस्तृत पुनरीक्षण हेतु संगणकों, पर्यवेक्षकों की नियुक्ति, 20 से 22 अप्रैल तक कार्य क्षेत्र आवंटन, प्रशिक्षण गणना, सर्वेक्षण से संबंधित आवश्यक लेखन सामग्री उपलब्ध कराने का कार्य शुरू हो गया है। 23 अप्रैल से 12 मई तक संगणक घर-घर जाकर गणना सर्वेक्षण करेंगे।
13 से 16 मई तक प्रारूप निर्वाचक नामावलियों की पांडुलिपि तैयार कर 18 मई तक उन्हें पंचस्थानी चुनाव कार्यालय में जमा कराया जाएगा। 20 मई से 16 जून तक प्रारूप निर्वाचक नामावलियों की डेटा इंट्री और फोटो स्टेट प्रतियां तैयार की जाएंगी। 18 जून तक निरीक्षण के लिए फोटो प्रतियां उपलब्ध कराई जाएंगी। 20 से 26 जून तक निर्वाचक नामावलियों का निरीक्षण और दावे आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। 27 जून से एक जुलाई तक प्राप्त दावे, आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। दो-तीन जुलाई को पूरक सूचियों की पांडुलिपि तैयार कर 12 जुलाई को निर्वाचक नामावलियों का जनसामान्य के लिए अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।