बनबसा (चंपावत)। क्षेत्र में पिछले चार माह से नए आधार कार्ड बनने के साथ ही कार्डों की त्रुटियों को सुधारने का कार्य थमा हुआ है। बनबसा, टनकपुर के लोगों के नए आधार कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। वहीं पुराने कार्डों की कमियां भी दूर नहीं हो पा रही हैं। दूर दराज से किराया वहन कर टनकपुर और बनबसा में आने वाले लोगों का किराया व्यर्थ जा रहा है। नागरिकों ने सरकार से पूर्व की तरह साइबर कैफे में आधार कार्ड बनवाने की सुविधा देने की मांग की है।
करीब चार माह से बनबसा और टनकपुर में नए आधार कार्ड और पुराने कार्डों की त्रुटियों को सुधारने का काम नहीं हो पाने से लोगों को परेशानियां हो रही हैं। टनकपुर के गहतोड़ी कंप्यूटर स्वामी कैलाश गहतोड़ी और बनबसा के दिनेश मिश्रा ने बताया कि कामन सर्विस सेंटर (सीएससी) के सिस्टम में बदलाव के लिए आधार कार्ड बनाने का काम बंद किया गया था लेकिन पिछले चार माह बाद भी उन्हें दोबारा आधार कार्ड बनाने का कार्य नहीं सौंपा गया है।
सरकार ने लोगों को साइबर कैफे में आधार कार्ड बनाने का काम बंद करने के बारे में अवगत नहीं कराया है जिससे लोग किराया खर्च कर दूर दराज से टनकपुर और बनबसा पहुंच निराश वापस लौट रहे हैं। गौरव सेनानी कल्याण समिति अध्यक्ष कै. भानी चंद, उपाध्यक्ष पुष्कर कापड़ी, कै. हरीश कापड़ी, कै. रामचंद्र भट्ट, कै. चंद्र शेखर गहतोड़ी, कै. गोपाल कृष्ण भट्ट, ग्रामप्रधान गीता देवी, गिरधारी लाल, अरुण कुमार, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष शंकर लाल वर्मा, भाजपा नेत्री हेमा जोशी, रानी कापड़ी आदि ने प्रशासन से जल्द क्षेत्र में आधार कार्ड बनाने का काम शुरू कराने की मांग की है।
विधायक कैलाश गहतोड़ी ने कहा कि शासन-प्रशासन से वार्ता कर इस समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। क्षेत्र के आम जन की परेशानियों को उच्चाधिकारियों के समक्ष रख समाधान निकाला जाएगा।