पिथौरागढ़। सरकारी महकमों पर ऊर्जा निगम का 641.95 करोड़ रुपये का बकाया है। भारी-भरकम बकाए से चिंतित विभागीय अधिकारियों ने दो बार नोटिस जारी कर दिए हैं। अब संयोजन विच्छेद करने की कार्रवाई शुरू हो गई है।
ऊर्जा निगम का जल संस्थान पिथौरागढ़ पर 20 संयोजनों का सबसे अधिक 492.55 लाख रुपये जल निगम के नौ संयोजनों का 28.50 लाख, सब डिविजनल इंजीनियर बीएसएनएल के 46 संयोजनों का 20.62 लाख रुपये मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के 67 संयोजनों का 18.92 लाख, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी के 226 संयोजनों का 13.94 लाख, नगरपालिका के 13 संयोजनों का 15.34 लाख, जिलाधिकारी कार्यालय के 36 संयोजनों का 6.63 लाख, मुख्य शिक्षाधिकारी के 136 संयोजनों का 13 लाख समेत ईई लोनिवि, पुलिस कार्यालय, आईटीआई, मुख्य विकास अधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी, वनाधिकारी, पूर्ति अधिकारी, डिग्री कालेज समेत 24 विभागों पर 727 संयोजनों का बकाया चल रहा है। ऊर्जा निगम के ईई नितिन गर्खाल ने बताया कि बकाया वसूलने के लिए दो बार विभागों को नोटिस जारी किए गए हैं। अब संयोजन विच्छेद की कार्रवाई की जा रही है। बीएसएनएल, लोनिवि और लोनिवि सर्किट हाउस की बिजली काट दी गई है। लोनिवि कार्यालय का बिल जमा होने के बाद आपूर्ति सुचारु कर दी है लेकिन सर्किट हाउस का 3.64 लाख रुपये का बकाया न होने पर अभी बत्ती गुल है।
बीएसएनएल के 10 टॉवरों की बिजली काटी
पिथौरागढ़। बकाया जमा नहीं करने पर बिजली विभाग ने बीएसएनएल के 11 टॉवरों की बिजली काट दी है। इससे संचार सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है।
ऊर्जा निगम का दूर संचार विभाग पर 20 लाख का बकाया है। बकाया जमा नहीं करने पर विभाग ने आठगांवशिलिंग, मजिरकांडा, बैंकरोड, गैना, चौपाता, दोबांस, पांडेगांव, गणाईगंगोली, जाखपुरान, बड़ाबे, बनकोट के टॉवरों की बिजली काट दी है।