पिथौरागढ़। नगरपालिका की बोर्ड बैठक में नगर की समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि पालिका लिंठ्यूड़ा वार्ड में रई के पास स्थित स्लाटर हाउस में बेसहारा, वृद्धावस्था और अन्य जरूरतमंदों के लिए रैन बसेरा बनाएगी।
पालिका की बोर्ड बैठक शुक्रवार को पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान शहर के लिए पर्याप्त कूड़ेदान की व्यवस्था करने, अंडर ग्राउंड कूड़ेदान बनाने, लिंठ्यूड़ा वार्ड में रई के पास स्थित स्लाटर हाउस में बेसहारा, वृद्ध और जरूरतमंदों के लिए रैन बसेरा बनाने, सफाई कर्मियों के वर्दी खरीदने, स्वच्छता मोहल्ला समितियों में सुधार करने, नगर में लोगों को स्वच्छ पेयजल मुहैया कराने के लिए प्यूरीफायर लगाने के निर्णय लिए गए।
पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि नगर में सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने पालिका के अधिकारियों को सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में सभासद पवन माहरा ने सिनेमा लाइन में सार्वजनिक शौचालय बनाने का अनुरोध किया। इस दौरान सफाई कर को बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में ईओ दीपक कुमार, सभासद दिनेश कापड़ी, अनिल महरा, अनिल जोशी, किशन खड़ायत, नीरज, भावना नगरकोटी, सरस्वती मखौलिया, राधिका लुंठी, कोमल, दीपा राणा, महेश पांडेय, ललित पुनेड़ा, दिनेश सौन, जेई उमेश अवस्थी आदि थे।
सभासद नहीं रहे मुखर
पिथौरागढ़। नगरपालिका बोर्ड की दूसरी बैठक में सभासद समस्याओं को लेकर खास मुखर नहीं रहे। हालांकि शपथ ग्रहण के दिन पहली बैठक औपचारिकता भर रही। इस बैठक में उम्मीद जताई जा रही थी कि सभासद मुखर रहेंगे। बावजूद इसके पुराने सभासद ही समस्याओं के समाधान के लिए मुखर रहे। पालिकाध्यक्ष राजेंद्र रावत ने सभासदों को भरोसा दिलाया कि वार्डों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।