पिथौरागढ़। हल्द्वानी स्थित प्लांट से गैस सिलिंडर का एक वाहन बृहस्पतिवार को पिथौरागढ़ नहीं आया। इसके चलते नगर के जीआईसी क्षेत्र में रसोई गैस नहीं बंटी। लोग काफी इंतजार के बाद खाली सिलिंडर के साथ घरों को लौट गए।
पिथौरागढ़ शहर एवं कुछ ग्रामीण इलाकों में इंडेन गैस सर्विस के लगभग 24 हजार रसोई गैस और 400 व्यावसायिक उपभोक्ता हैं। सभी उपभोक्ताओं तक नियमित गैस सिलिंडर की आपूर्ति करने के लिए प्रतिदिन दो वाहन आते हैं। बृहस्पतिवार को हल्द्वानी स्थित प्लांट से केवल एक वाहन ही गैस सिलिंडर का पिथौरागढ़ पहुंचा। इससे जीआईसी क्षेत्र में रसोई गैस का वितरण ठप रहा।
जीआईसी क्षेत्र में प्रत्येक बृहस्पतिवार को रसोई गैस का वितरण किया जाता है। डिग्री कॉलेज गेट के पास तय वितरण स्थल पर जीआईसी, कुजौली, सरस्वती विहार कालौनी, हुड़ेती, टकाड़ी, पौंण आदि स्थानों से उपभोक्ता पहुंचते हैं। बृहस्पतिवार को वाहन के नहीं आने से लोगों को इंतजार के बाद खाली हाथ लौटना पड़ा। कुछ उपभोक्ताओं ने टकाना पहुंचकर सिलिंडर लिया। इधर, गैस एजेंसी की प्रभारी प्रबंधक पार्वती अवस्थी ने बताया कि प्लांट से गैस सिलिंडर का एक ही वाहन आया। उन्होंने बताया कि जीआईसी क्षेत्र में अब रविवार को गैस बांटी जाएगी।