पिथौरागढ़। जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम सी रविशंकर ने सड़क निर्माण विभाग के अधिकारियों को चिन्हित किए गए दुर्घटना संभावित स्थलों पर 31 अगस्त तक साइनेज लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी स्कूल बसों में सीसीटीवी लगाने का काम शीघ्र पूरा करने को कहा।
डीएम ने कहा कि यदि साइनेज न लगने के कारण किसी प्रकार की वाहन दुर्घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित सड़क के अधिशासी अभियंता की होगी। जनपद के सभी स्कूल वाहनों में सीसी टीवी लगाने की समीक्षा के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नवीन सिंह ने 249 स्कूल बसों में से 185 बसों में सीसी टीवी लगने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्कूल बसों में कई कमियों पर 1.93 लाख का जुर्माना वसूला गया है।
बैठक में पिथौरागढ़ नगर में पूर्व में स्थापित बंद पड़े सीसीटीवी का सुधार नहीं करने पर एसडीएम और पालिका के ईओ को कैमरे लगाने वाली कंपनी को ब्लैक सूची में डालने के निर्देश दिए और नई प्रक्रिया से बंद सीसीटीवी को ठीक कराने को कहा। डीएम ने नगर में आवारा पशुओं को गो सदन पहुंचाने और क्षतिग्रस्त स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में एडीएम आरडी पालीवाल, एसडीएम एसके पांडेय आदि मौजूद रहे।