पिथौरागढ़। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बृहस्पतिवार को चंडाक के पशुपतिनाथ मंदिर में सामुहिक योग का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की सफलता के लिए अपर जिलाधिकारी आरडी पालीवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। मोस्टामानू मंदिर में मर्म चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान स्कूली बच्चों को मोस्टामानू से चंडिका देवी मड़धुरा तक नेचर ट्रेल का आनंद उठाएंगे।
जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में एडीएम पालीवाल ने बताया कि पशुपतिनाथ मंदिर में सुबह सात बजे से सामुहिक योग किया जाएगा। आठ बजे से मोस्टामानू मंदिर में मर्म चिकित्सा शिविर लगाकर मरीजों की जांच की जाएगी। साढ़े नौ बजे से हरेला संस्था और वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में छात्र-छात्राओं को नेचर ट्रेल करा उन्हें पर्यावरण संरक्षण की जानकारी दी जाएगी। एडीएम ने अधिशासी अधिकारी नगरपालिका को चंडाक क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटन अधिकारी को योग और अन्य कार्यक्रमों की फोटो, वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी केे एक एंबुलेंस, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, दवाइयां और 10 रेडक्रास वालंटियर की तैनाती करने को कहा। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी ने बताया कि उनके विभाग के दो चिकित्सक, दो फार्मेसिस्ट के अलावा मर्म चिकित्सा टीम के 10 सदस्यों द्वारा मरीजों का उपचार किया जाएगा। बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी अमित लोहनी, सीएमओ उषा जंगपांगी, ईई लोनिवि नवीन जोशी, इओ पालिका खीमानंद जोशी, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र भट्ट, ललित पंत, पतंजलि योग संस्था के विपिन जोशी, रेखा कापड़ी, मनोज मतवाल आदि मौजूद रहे।