अस्कोट(पिथौरागढ़)। लोक निर्माण विभाग अस्कोट में अधिशासी अभियंता दीपक गुप्ता ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने अधीनस्थों के साथ बैठक कर क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़कों की जानकारी ली। साथ ही कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। लोनिवि अस्कोट डिवीजन में काफी समय से अधिशासी अभियंता की तैनाती नहीं हो पाई थी। प्रभारी के रूप में आईए खान कार्य देख रहे थे। बुधवार को गुप्ता ने अधिशासी अभियंता का कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने अभियंताओं के साथ बैठक कर क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़कों की जानकारी ली। उन्होंने सड़कों का कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में सहायक अभियंता गोविंद जनौटी, हेमंत चंदोला, नीरज कुमार, जेएम पांडेय, जेई मनीष खड़ायत, हरीश जोशी आदि मौजूद रहे।