पिथौरागढ़। युवा कल्याण, शिक्षा और खेल विभाग के संयोजन में जीआईसी खेल मैदान में खेल महाकुंभ के तहत अंडर-19 बालक, बालिकाओं की आठ सौ मीटर दौड़ कराई गई। बालक वर्ग में कुम्डार के अजय सिंह, बालिका वर्ग में किनीगाड़ की शोभा कोहली ने सबसे तेज दौड़ लगाई। पहले स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी 14, 15 फरवरी को देहरादून में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
बालक वर्ग में धारीगांव के ऋतिक जोशी ने दूसरा, डुंगरी के अनिल सिंह ने तीसरा स्थान पाया। बालिका वर्ग में सरस्वती विहार कालोनी की माया ने दूसरा, टकाड़ी की प्रियंका तीसरे स्थान पर रहीं। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 52 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी शांति प्रकाश आर्य ने विजयी प्रतिभागियों को मेडल दिए।
बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों को स्कूटी दी जाएगी। प्रतियोगिता संपन्न कराने में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी विण दीपक चंद्र भट्ट, ब्लॉक खेल समन्वयक विक्रम सिंह दिगारी, व्यायाम शिक्षक योगेश जोशी, नितिन उप्रेती, भूपेंद्र सिंह चौहान, प्रताप सिंह, मीना चंद, ममता वर्मा आदि ने सहयोग दिया।