पिथौरागढ़। भाजपा विधायक विशन सिंह चुफाल ने कहा कि उनकी पार्टी आजीवन सहयोग निधि की राशि को चेक के माध्यम से ही ले रही है, ताकि इस निधि में पारदर्शिता बनी रहे। वह दावा करते हैं कि किसी भी ऐसे व्यक्ति से सहयोग निधि नहीं ली जा रही है जो गलत कामों में लिप्त हो।
शुक्रवार को भाजपा कार्यालय में चुफाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आजीवन सहयोग निधि के लिए किसी पर कोई दबाव नहीं बनाया जा रहा है। विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के विचारों से प्रभावित होकर लोग सहयोग निधि देने के लिए खुद ही तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि आजीवन सहयोग निधि एकत्र करने का काम पूरे प्रदेश में चल रहा है। सभी लोग स्वेच्छा से इसमें सहयोग कर रहे हैं। विधायक ने जानकारी दी कि 17 फरवरी को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत डीडीहाट दौरे पर आएंगे। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र वल्दिया, राजेंद्र रावत, महेंद्र लुंठी, ललित पंत, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मीनू बिष्ट समेत अन्य लोग थे।