पिथौरागढ़। पीएनएफ सीनियर सेकेंड्री स्कूल में खेल सप्ताह का उद्घाटन मुख्य अतिथि एसएसबी 55वीं वाहिनी के सेनानायक एसके ससानी ने किया। स्टैफर्ड पब्लिक स्कूल में खेल सप्ताह के पहले दिन गुब्बारा फुलाओ, पोटेटो रेस, सुई में धागा डालो आदि प्रतियोगिताएं कराई गई।
पीएनएफ सीनियर सेकेंड्री स्कूल में खेल प्रतियोगिताओं का आरंभ विभिन्न सदनों की परेड से किया गया। प्रत्येक सदन ने मुख्य अतिथि एसके ससानी को सलामी दी। बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। संगीत अध्यापक कैलाश कुमार द्वारा प्रस्तुत गानों ने कार्यक्रम को मनमोहक बना दिया। कार्यक्रम में घनश्याम ओली सोसाइटी के बच्चों और संस्थापक अजय ओली को सम्मानित किया गया।
उधर, स्टैफर्ड विद्यालय की प्रधानाचार्य कल्पना देवलाल ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को रेड हाउस, यलो हाउस, ब्लू हाउस, ग्रीन हाउस आदि वर्गों में बांटा गया। ब्लू हाउस ने सभी प्रतियोगिताओं में पहला, रेड, यलो हाउस ने दूसरा, ग्रीन हाउस ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को प्रधानाचार्य देवलाल ने पुरस्कृत किया।