गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। पौष के इतवार से गंगोलीहाट में भी बैठकी होली का आगाज हो गया है। महाकाली मंदिर में आयोजित बैठकी होली में राग-ताल का धमाल मचा। होली के रसिकों ने देर रात तक बैठकी होली का आनंद उठाया।
विरेंद्र रावल ने राग श्याम कल्याण में माई के मंदिरवा में दीपक वारों की धुन छेड़ी। श्यामाचरण उप्रेती ने जै जै जै गिरिजा महारानी, कपिल नेगी ने शिव शंकर योगी, कैलाश सिंह ने भव भंजन गुण गाऊं, शंकर लाल चौधरी ने ऊंचे भवन पर्वत पर बस रही की तान छेड़ी। गायकों ने विभिन्न रागों में गायन कर श्रोताओं को आनंदित कर दिया।
तबले पर संगत विरेंद्र रावल, कैलाश सिंह, कपिल नेगी ने दी। गिरीश वर्मा, मोहन उप्रेती, बसंत पंत, गंभीर सिंह रावल, पंकज पंत, विक्रम सिंह रावल, मनोज उप्रेती, नवीन पंत आदि होली के रसिक देर रात तक जमे रहे। पौष के पहले रविवार से क्षेत्र के कई स्थानों पर होली गायन होने लगा है।